हमीरपुर : कस्बा बिवांर में बदलाव फाउंडेशन एवं Satguru Seva Trust के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों, बुजुर्गों एवं जरूरतमंद लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा कुल 56 लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान 17 मरीजों में मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) की समस्या पाई गई, जिन्हें नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए अस्पताल भेजा गया, ताकि समय पर उनका उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा लोगों को आंखों से संबंधित बीमारियों के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान लोगों को आंखों की नियमित जांच कराने और समय रहते उपचार कराने के लिए भी प्रेरित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि बदलाव फाउंडेशन और Satguru Seva Trust लगातार समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। संस्थाओं का प्रयास है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की मांग की।


0 Comments