(प्रज्ञा अवतार संवाददाता)
कानपुर देहात, 3 दिसंबर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में कानपुर देहात में पहली बार 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन हुआ जिसमें हजारों लोगों ने गायत्री मंत्र की दीक्षा ली और सैकड़ो लोगों ने विभिन्न संस्कार संपन्न करवाए। इस अवसर पर शांतिकुंज के टोली नायक श्री सुनील शर्मा ने 2026 में आयोजित होने वाले शताब्दी वर्ष के बारे में श्रद्धालुओं को जानकारी दी।
(कानपुर देहात में 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के टोली नायक श्री सुनील शर्मा का मंच पर स्वागत करते हुए मूल रूप से कानपुर देहात निवासी एवं दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार श्री ज्ञानेंद्र सिंह)
चार दिवसीय उक्त कार्यक्रम में कानपुर देहात के 10 विकास खंडों के सैकड़ो गांवों के लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारी भरकम वह पंडाल था जिसमें 108 कुंडों की स्थापना की गई थी। यज्ञ के दौरान विभिन्न संस्कार जैसे नामकरण, विद्या आरंभ, मुंडन व पुंसवन आदि संस्कार संपन्न करवाए गए। यज्ञ के आरंभ से पहले टोली नायक श्री शर्मा द्वारा लोगों को गायत्री मंत्र के बारे में बताया गया और गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के सूत्रों की जानकारी दी गई। आयोजन का मुख्य लक्ष्य, मनुष्य में देवत्व का उदय एवं धरती में स्वर्ग का अवतरण की अवधारणा को पूरा करना है।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष रविकांत श्रीवास्तव, गायत्री चेतना केंद्र कानपुर के व्यवस्थापक आरसी गुप्ता, कुशमा यादव, विमला कटियार, प्रतिमा सचान, बिशन सिंह, मोहित कुमार, अशीष कटियार, राजबहादुर परमार, हरिकृष्ण गुप्त, ज्ञान चंद्र श्रीवास्तव, देवेंद्र सचान, आरपी लाल, राम सेवक वर्मा व सौरभ रूरा ने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अकबरपुर वह आसपास के इलाकों में निकाली गई भव्य शोभायात्रा से हुआ।
0 Comments